डीएम सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़ जिले की कनेरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के एक पुराने मामले में आठ वर्षों से फरार चल रहे दस हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी मध्यप्रदेश के नीमच जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत वांछित था और वर्ष 2018 से लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि फरार वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल के सुपरविजन में की गई। कनेरा थाना प्रभारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह गिरफ्तारी की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि रतनगढ़ थाना नीमच के एनडीपीएस मामले में वांछित आरोपी मनीष धाकड़ बस स्टैंड कनेरा पर आने वाला है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर 35 वर्षीय मनीष धाकड़ पुत्र दौलतराम धाकड़ निवासी श्रीपुरा, थाना कनेरा, जिला चित्तौड़गढ़ को डिटेन कर लिया। आरोपी पर नीमच के पुलिस अधीक्षक द्वारा दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को संबंधित थाना और प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया है।
Tags
Breaking News