दलौदा पुलिस को बड़ी सफलता, चोरी की वारदातों पर कसा शिकंजा
मुल्तानपुरा के चार शातिर चोर गिरफ्तार, 05 क्विंटल लहसुन बरामद
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश दसौर जिले के दलौदा थाना क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दलौदा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने लहसुन चोरी करने वाली कुख्यात मुल्तानी गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया करीब पांच क्विंटल लहसुन बरामद किया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने पिछले एक माह में क्षेत्र में हुई आठ बड़ी चोरी की वारदातों का भी खुलासा करने में सफलता प्राप्त की है।
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंदसौर जिले के पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि चोरी, नकबजनी एवं संपत्ति अपराधों में शामिल अपराधियों की पहचान कर त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण श्रीमती कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में दलौदा थाना प्रभारी उनि शुभम व्यास के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 07 फरवरी 2026 को थाना दलौदा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आक्या निवासी फरियादी भेरूलाल पिता गोपाल माली उम्र 26 वर्ष तथा मांगीबाई पिता रामलाल माली ने थाना दलौदा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उनके खेत/भंडारण स्थल से लगभग पांच क्विंटल लहसुन अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना दलौदा में अपराध क्रमांक 60/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण दर्ज होने के बाद दलौदा पुलिस ने बिना समय गंवाए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को यह स्पष्ट संकेत मिले कि चोरी की यह वारदात संगठित गिरोह द्वारा अंजाम दी गई है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने मुल्तानपुरा क्षेत्र में सक्रिय मुल्तानी गैंग को ट्रेस किया। लगातार निगरानी और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नियाजु टेनी पिता मुख्तियार टेनी, फिरोज पिता जाकीर पटेल, सादिक पिता फारुक बटला तथा शोहेल पिता साजिद मगुडा शामिल हैं। सभी आरोपी मुल्तानपुरा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं और थाना वायडीनगर क्षेत्र से उनका संबंध सामने आया है।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दलौदा थाना क्षेत्र में लहसुन चोरी की घटना को स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया करीब पांच क्विंटल लहसुन पुलिस ने बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद लहसुन को विधिवत जप्त कर प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान अन्य चोरी की घटनाओं से जुड़े अहम सुराग भी सामने आए हैं, जिसके आधार पर पिछले एक माह में हुई आठ बड़ी चोरी की वारदातों का खुलासा संभव हो पाया।
इस पूरी कार्रवाई में दलौदा पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही। थाना प्रभारी उनि शुभम व्यास के नेतृत्व में सउनि कैलाश सिंह बघेल, सउनि तेज सिंह डामर, प्रधान आरक्षक दीपेंद्र सिंह पंवार, मुकेश सिंह भदोरिया, आरक्षक युवराज सिंह, गोपाल कृष्ण, कुलश्रेष्ठ सिंह, लाजपत राय सेन, सागर शर्मा तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने सतर्कता और मेहनत से कार्य करते हुए इस सफलता को अंजाम दिया।
दलौदा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों और आम नागरिकों में राहत का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि संपत्ति अपराधों में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
DS7NEWS NETWORK Madhya Pradesh
Tags
Breaking News