गन्ने की ऊंची फसल के बीच छिपी थी अवैध अफीम की खेती, पुलिस ने 5317 पौधे जब्त कर किसान को किया गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान राशमी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गन्ने की फसल की आड़ में की जा रही अवैध अफीम की खेती का पर्दाफाश करते हुए खेत से हजारों पौधे बरामद किए और खेत मालिक को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में अफीम का दूध भी बरामद हुआ है, जिससे स्पष्ट हुआ कि खेती के साथ-साथ उससे मादक पदार्थ तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राशमी थाना क्षेत्र के भालोटा की खैड़ी गांव में एक खेत में गन्ने की ऊंची फसल के बीच अवैध अफीम बोई गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और मौके पर पहुंचकर जांच की गई। खेत पर गेहूं, चना और गन्ने की फसल लगी हुई थी, लेकिन गन्ने के बीच छिपाकर अफीम के पौधे लगाए गए थे ताकि बाहर से देखने पर किसी को संदेह न हो।
पुलिस टीम ने राजस्व विभाग के पटवारी की मौजूदगी में खेत की तलाशी ली। जांच के दौरान वहां बड़ी संख्या में अफीम के पौधे पाए गए। गिनती करने पर कुल 5317 पौधे बरामद हुए जिनका कुल वजन 431 किलो 460 ग्राम निकला। इसके अलावा अफीम के डोडों से चिराई कर निकाला गया करीब 780 ग्राम शुद्ध अफीम का दूध भी पुलिस ने जब्त किया। मौके से अफीम निकालने में उपयोग होने वाले औजार भी बरामद किए गए।
पूछताछ के बाद पुलिस ने खेत के मालिक 45 वर्षीय शोभालाल पुत्र मांगीलाल जाट निवासी भालोटा की खैड़ी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने गन्ने की घनी फसल का फायदा उठाकर उसके बीच अफीम बो रखी थी और पौधों पर चिराई कर दूध निकालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी। पुलिस का मानना है कि आरोपी इससे पहले भी इसी तरह अवैध खेती कर चुका है।
जानकारी के अनुसार जिस जमीन पर यह खेती की जा रही थी वह करीब 20 से 25 बीघा कृषि भूमि है, जो सीलिंग एक्ट में दर्ज बताई जाती है, फिर भी आरोपी हर वर्ष वहां खेती करता रहा। इस बार गन्ने की फसल के बीच कपड़े बांधकर अलग हिस्से में अफीम के पौधे तैयार किए गए थे ताकि वे आसानी से पहचान में न आएं।
पूरे मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध अफीम की इस खेती से जुड़े अन्य लोग भी इसमें शामिल तो नहीं हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध खेती की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या नारको टिप हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Tags
Breaking News