संगेसरा क्षेत्र में पेंथर की आहट से दहशत, वन विभाग ने लगाया पिंजरा, किसानों में चिंता
डीएस सेवन न्यूज डूंगला उपखंड के संगेसरा क्षेत्र में इन दिनों पेंथर की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार तड़के महमूदगंज इलाके के आसपास पेंथर के दिखाई देने की सूचना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों के अनुसार बीते दो दिनों के भीतर एक गाय को भी वन्यजीव का शिकार होना बताया जा रहा है, जिसके बाद लोगों ने खेतों और जंगल की ओर जाना कम कर दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवाड़ थाना क्षेत्र से कांस्टेबल रोशन कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही चित्तौड़गढ़ मुख्यालय स्थित वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही विभाग की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ क्षेत्र में पहुंची और महमूदगंज के आसपास पेंथर को पकड़ने के लिए पिंजरा स्थापित किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और रात के समय अकेले बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। साथ ही पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधने की अपील भी की गई है। संगेसरा के साथ-साथ महमूदगंज, वाना और मेनार इलाके में भी लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है। पेंथर की हलचल के कारण किसान खेतों में जाने से भी हिचक रहे हैं।
Tags
Breaking News