अंबामाता क्षेत्र में बेकाबू कार का कहर, दीवार तोड़ घर में घुसी, स्कूटी भी चपेट में
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया। रात करीब 1 बजे रामपुरा चौराहे से पहले रॉयल गार्डन के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक शराब के नशे में था और वाहन पर उसका नियंत्रण पूरी तरह से खत्म हो गया।
बेकाबू कार पहले सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी से टकराई और फिर रफ्तार में ही पास के एक मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। हादसे के दौरान कार करीब 500 फीट तक इधर-उधर दौड़ती रही, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
गनीमत यह रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति कार की चपेट में नहीं आया, जिससे जनहानि टल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आमजन में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
Tags
Breaking News