निकुंभ में दर्दनाक सड़क हादसा: कंटेनर-पिकअप की टक्कर में 2 की मौत, 25 से अधिक महिला श्रद्धालु घायल

निकुंभ में दर्दनाक सड़क हादसा: कंटेनर-पिकअप की टक्कर में 2 की मौत, 25 से अधिक महिला श्रद्धालु घायल
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले के निकुंभ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक गंभीर सड़क हादसे ने श्रद्धालुओं की यात्रा को मातम में बदल दिया। वागन नदी की पुलिया के पास करीब रात 8 बजे एक कंटेनर और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन सड़क से नीचे उतरकर झाड़ियों में जा गिरा।
मिली जानकारी के अनुसार पिकअप में सवार अधिकांश लोग प्रतापगढ़ जिले के बंबोरी गांव के श्रद्धालु थे। ये सभी उदयपुर के मावली स्थित दशा माता मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में ओवरटेक के दौरान अचानक सामने से आ रहे कंटेनर से भिड़ंत हो गई, जिससे पिकअप में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

इस दुर्घटना में पिकअप चालक ओंकार सिंह और प्रतापगढ़ निवासी झूमा कंवर (45) पत्नी लोकेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पिकअप में सवार 25 से अधिक महिला श्रद्धालु घायल हो गईं। टक्कर के बाद कई लोग वाहन के अंदर ही फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

हादसे में कंटेनर चालक नंदकिशोर शर्मा (45) भी घायल हुआ है, जिसका उपचार निकुंभ के अस्पताल में चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post