भूपालसागर में नाकाबंदी के दौरान कार से 7 किलो 550 ग्राम डोडाचुरा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम डोडाचुरा की खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक कार से 7 किलो 550 ग्राम डोडाचुरा बरामद किया है। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के अनुसार उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन और कपासन वृत्ताधिकारी हरजीलाल यादव के सुपरविजन में भूपालसागर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थानाधिकारी घेवरचन्द के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सदीपुरा क्षेत्र में नाकाबंदी की थी। इसी दौरान कलासिया की ओर से एक हुंडई एक्सेंट कार आती दिखाई दी। वाहन की गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे रुकवाकर नियमानुसार तलाशी ली। जांच के दौरान कार की डिग्गी में रखा एक सफेद प्लास्टिक का कट्टा मिला, जिसमें अफीम डोडाचुरा भरा हुआ था। वजन करने पर इसकी मात्रा 7 किलो 550 ग्राम पाई गई।
पुलिस ने मौके से पवन जाट (21) निवासी मुंडकटिया थाना आकोला और राहुल जाट (20) निवासी नीलोद थाना आकोला को गिरफ्तार किया। इनके साथ मौजूद एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया। बरामद डोडाचुरा और परिवहन में प्रयुक्त कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार इस अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई और इसके नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशे से जुड़ी गतिविधि या तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Tags
Breaking News