सायरा क्षेत्र में भालुओं की बढ़ती हलचल से ग्रामीण चिंतित, किसान पर हमले से दहशत का माहौल
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में इन दिनों जंगली भालुओं की गतिविधि बढ़ने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। रविवार सुबह एक किसान पर भालू के हमले की घटना सामने आई, जिसमें किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में किसान के सिर, चेहरे और पैरों पर गहरे घाव आए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल किसान को तुरंत गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उसे आगे इलाज के लिए उदयपुर के एमबी अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सायरा थाना क्षेत्र और कुंभलगढ़ सेंचुरी से सटे इलाकों में गन्ने की खेती काफी होती है। इन दिनों कई किसान खेतों में गन्ने से रस निकालने का काम कर रहे हैं। रस निकालने के बाद बचा हुआ गन्ने का अवशेष अक्सर खेतों में ही डाल दिया जाता है। यही मीठी गंध जंगली भालुओं को खेतों की ओर खींच रही है। भोजन की तलाश में भालू खेतों तक पहुंच रहे हैं, जिससे किसानों को खतरा बढ़ गया है।
लगातार हो रही घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग खेतों में काम करते समय सतर्कता बरतने की बात कह रहे हैं।
Tags
Breaking News