चित्तौड़गढ़ मेवाड़ यूनिवर्सिटी विवाद: 27 दिन से प्रदर्शन कर रहे कही छात्रों को पुलिस थाने ले जाने की जानकारी

मेवाड़ यूनिवर्सिटी विवाद: 27 दिन से प्रदर्शन कर रहे छात्रों को पुलिस ने बस में बैठाकर थाने ले जाया
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार स्थित मेवाड़ यूनिवर्सिटी में बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि भारतीय सेना की सद्भावना योजना के तहत कुछ कश्मीरी छात्रों सहित करीब 40 विद्यार्थियों ने इस कोर्स में प्रवेश लिया था। बाद में पाठ्यक्रम की मान्यता को लेकर सवाल खड़े होने के बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया था।

करीब 27 दिनों से चल रहे इस विरोध के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रों के बीच लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई थी। इस दौरान पहले होली और रमजान की छुट्टियों का हवाला देकर कुछ विद्यार्थियों को घर भेज दिया गया था। हालांकि बाद में अन्य पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले छात्रों ने भी प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के समर्थन में आवाज उठाई और पढ़ाई को नियमित रूप से शुरू करने की मांग रखी।

इसी बीच सोमवार को अचानक पुलिस बल विश्वविद्यालय परिसर में पहुंच गया। वहां मौजूद प्रदर्शन कर रहे छात्रों में से कुछ को पुलिसकर्मियों ने बस में बैठाकर अपने साथ ले लिया। इस घटनाक्रम के बाद परिसर में मौजूद अन्य छात्रों में भी हलचल का माहौल बन गया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया, जिसके चलते स्थिति को नियंत्रित करने के लिए यह कदम उठाया गया। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी जल्द ही आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से साझा की जाएगी। वहीं दूसरी ओर छात्रों की ओर से मेवाड़ एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष अशोक गदिया पर धोखाधड़ी और गलत जानकारी देकर प्रवेश दिलाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट भी दी गई थी।

मामले में छात्रों के खिलाफ तोड़फोड़ की शिकायत भी दर्ज करवाई गई है। अचानक पुलिस कार्रवाई के बाद यह सवाल भी उठने लगे हैं कि आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों की मांगों का समाधान किस तरह होगा और उनके शैक्षणिक भविष्य को लेकर आगे क्या निर्णय लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post