ऑपरेशन त्रिनेत्र की बड़ी सफलता: गंगरार पुलिस ने कार से पकड़ी अफीम की खेप, पति-पत्नी तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 23 अप्रैल 2026 जिले में नशे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत गंगरार थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध अफीम तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस ने एक स्विफ्ट कार से 1 किलोग्राम अफीम और 6 किलो 200 ग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद कर पति-पत्नी को मौके से गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक श्री गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए जिलेभर में सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी गंगरार शिवप्रकाश टेलर के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
मंगलवार को थानाधिकारी श्यामाराम पुलिस जाब्ते के साथ सरकारी बोलेरो वाहन में गश्त पर निकले थे। टीम जब अम्बेडकर सर्कल, मोची मार्केट होते हुए एनएच-48 की निर्माणाधीन पुलिया के पास सर्विस लाइन पर पहुंची, तभी चित्तौड़गढ़ की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने पुलिस वाहन को देखकर अचानक रास्ता बदल लिया और निर्माणाधीन पुलिया की ओर भीलवाड़ा दिशा में तेज गति से भागने लगी।
पुलिस को शक होने पर वाहन का पीछा किया गया, लेकिन आगे गिट्टी के ढेर के कारण रास्ता बंद मिला। ऐसे में चालक ने कार रोककर भागने की कोशिश की, मगर सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार में चालक के साथ आगे सीट पर एक महिला भी बैठी हुई थी, जो पुलिस को देखकर घबराई हुई नजर आई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संदीप कुमार प्रजापत (31) पुत्र मखनलाल प्रजापत तथा महिला ने अपना नाम मनीषा (36) पत्नी संदीप कुमार निवासी अबुल खुराना, थाना मलोट सिटी, जिला श्री मुक्तसर साहिब (पंजाब) बताया। दोनों आपस में पति-पत्नी हैं।
संदेह के आधार पर पुलिस ने स्विफ्ट कार की नियमानुसार तलाशी ली, जिसमें डिग्गी में रखे प्लास्टिक कट्टे से 6 किलो 200 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। वहीं स्टेपनी में छिपाकर रखी प्लास्टिक थैलियों से 1 किलोग्राम अफीम भी जब्त की गई। पुलिस ने मादक पदार्थों के साथ स्विफ्ट कार को भी कब्जे में लेकर जब्त कर लिया।
दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में गहन अनुसंधान जारी है। प्रारंभिक जांच में तस्करी के संभावित नेटवर्क और सप्लाई चैन की भी पड़ताल की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल टीम:
थानाधिकारी श्यामाराम, हेड कांस्टेबल युवराज सिंह, कांस्टेबल दिनेश, सोनाराम, चालक भैरूलाल तथा महिला कांस्टेबल प्रिया की अहम भूमिका रही।
पुलिस की अपील:
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Tags
Breaking News