ऑपरेशन मुस्कान में दलौदा पुलिस की बड़ी कामयाबी: गुजरात बॉर्डर से अपहृत नाबालिग बालिका बरामद, आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश मंदसौर थाना दलौदा पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को गुजरात बॉर्डर से सकुशल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में गुम नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश हेतु ऑपरेशन मुस्कान अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला मंदसौर में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा द्वारा सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी ग्रामीण कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना दलौदा प्रभारी उप निरीक्षक शुभम व्यास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
घटना के अनुसार 27.03.2026 को सूचनाकर्ता ने अपनी नाबालिग बालिका के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर थाना दलौदा में धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी द्वारा विशेष टीम गठित कर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की गई। विश्वसनीय मुखबिरों और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल का उपयोग करते हुए गुजरात बॉर्डर के पास ग्राम पिटोल जिला झाबुआ से बालिका को आरोपी के कब्जे से बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी अनिल पिता जोगड़ा पाण्डा निवासी भीम फालिया जिला झाबुआ को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद की गई नाबालिग बालिका को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी शुभम व्यास, सहायक उप निरीक्षक तेजसिंह डामोर, आरक्षक 316 परिमाल सिंह, महिला आरक्षक 135 राखी गुर्जर एवं प्र.आरक्षक मुजफ्फर (साइबर सेल) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags
Breaking News