डीएस सेवन न्यूज उदयपुर, 28 अप्रैल 2026 | DS7 News Network.विश्व कार्यस्थल सुरक्षा एवं स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर कंज्यूमर प्रोटक्शन ऑर्गेनाइजेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजश्री गांधी ने कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को राष्ट्र निर्माण की बुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्यस्थल केवल सुविधा नहीं, बल्कि हर कर्मचारी का मूल अधिकार है, जो उनके आत्मविश्वास और कार्यक्षमता को बढ़ाता है।
डॉ. गांधी ने अपने संदेश में कहा कि जहां सुरक्षित वातावरण होता है, वहां कर्मचारी बेहतर प्रदर्शन करते हैं और संस्था भी प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ती है। उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर शारीरिक सुरक्षा के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि तनावमुक्त कर्मचारी ही अपनी पूरी क्षमता से कार्य कर सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि कार्यस्थलों पर उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए। इस संदर्भ में उन्होंने POSH Act 2013 का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को यौन उत्पीड़न से सुरक्षा प्रदान करने के लिए एक मजबूत कदम है और इसके प्रभावी क्रियान्वयन से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है।
डॉ. गांधी ने यह भी कहा कि केवल संस्थान ही नहीं, बल्कि कर्मचारियों की भी जिम्मेदारी है कि वे कार्यस्थल को सकारात्मक और सहयोगपूर्ण बनाए रखें। सामूहिक प्रयास से ही सुरक्षित और स्वस्थ कार्य संस्कृति विकसित की जा सकती है।
अंत में उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें और एक सुरक्षित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
Tags
Breaking News