इंदौर दंपति बना फरिश्ता: सड़क हादसे में घायल 4 बच्चों समेत 10 लोगों की बचाई जान

इंदौर के दंपति ने दिखाई इंसानियत की मिसाल, सड़क हादसे में घायल 4 बच्चों सहित 10 लोगों की बचाई जान
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश थाना दलौदा क्षेत्र में मानवता और साहस का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया, जहां इंदौर निवासी एक दंपति ने सड़क हादसे में घायल लोगों की मदद कर चार बच्चों सहित कुल 10 लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 08.04.2026 की रात आक्या गांव के पास एक स्कॉर्पियो वाहन असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गया। इस हादसे में वाहन में सवार 6 बच्चे एवं 4 महिला-पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे इंदौर निवासी पंकज सिंह (पिता जीत सिंह) एवं उनकी पत्नी अंजू सिंह (निवासी विजयनगर, इंदौर) ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंजू सिंह ने घायल बच्चों को स्वयं पुलिस वाहन में बैठाकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की, जिससे समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बचाई जा सकी।

दंपति के इस सराहनीय कार्य को देखते हुए थाना प्रभारी दलौदा उपनिरीक्षक शुभम व्यास ने उन्हें थाना परिसर में आमंत्रित कर सम्मानित किया और आभार व्यक्त किया। साथ ही, पंकज सिंह एवं अंजू सिंह का नाम मध्यप्रदेश शासन की ‘राहवीर योजना’ के अंतर्गत 25,000 रुपये के पुरस्कार हेतु भेजा गया है।

दलौदा पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता कर उन्हें शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें, जिससे अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post