दहेज की मांग बनी मौत का कारण! राजसमंद की बेटी की भीलवाड़ा में संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या का आरोप
डीएस सेवन न्यूज भीलवाड़ा राजसमंद जिले के मोही गांव की रहने वाली एक विवाहिता की भीलवाड़ा जिले के काछोला थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार मोही निवासी कैलाश चन्द्र आचार्य ने काछोला थाने में दी शिकायत में बताया कि उनकी पुत्री उमा उर्फ उर्मिला आचार्य का विवाह हिन्दू रीति-रिवाज से काछोला निवासी जानकी लाल आचार्य के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उर्मिला को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाने लगा।
परिजनों के अनुसार पति जानकी लाल, ससुर देवकिशन और सास नर्बदा लगातार उर्मिला पर 5 लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे। इतना ही नहीं, पति द्वारा अन्य महिलाओं से संबंध होने की बात कहकर भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
शिकायत में बताया गया कि 23 अप्रैल की सुबह करीब 4 बजे ससुराल पक्ष ने फोन कर उर्मिला की तबीयत खराब होने की सूचना दी। जब परिजन भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि 22 अप्रैल को ही उर्मिला को जहर दिया गया था और समय पर उचित उपचार नहीं मिलने से उसकी जान चली गई।
मृतका के पिता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। काछोला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Breaking News