भट्टू कलां में CIA रतिया की बड़ी कार्रवाई: 4.460 किलो चूरा पोस्त के साथ पंजाब की महिला तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज भट्टू कलां, 23 अप्रैल। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए रतिया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चूरा पोस्त के साथ एक महिला आरोपी को काबू किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 किलो 460 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है, जिसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सीआईए रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार के अनुसार पुलिस टीम बस अड्डा ढिगसरा क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक महिला, जो राजस्थानी पहनावे में है और चेकदार बैग लिए हुए है, भट्टू कलां की ओर आ रही है तथा उसके पास भारी मात्रा में मादक पदार्थ मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और हुड्डा पार्क, भट्टू कलां क्षेत्र में पहुंचकर संदिग्ध महिला को रोककर काबू कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान वीरपाल कौर निवासी जिला बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई। नियमानुसार महिला पुलिस कर्मी की उपस्थिति में तलाशी ली गई, जिसमें उसके बैग से 4.460 किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर विधिवत सील कर लिया।
इस संबंध में थाना भट्टू कलां में अभियोग संख्या 76 दिनांक 22 अप्रैल 2026 को धारा 15(बी), 61 व 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Tags
Breaking News