बेगूं में खौफनाक सड़क हादसा: ट्रॉली के पाइप सीने में घुसे, दो मजदूर गंभीर घायल
डीएस सेवन न्यूज बेगूं (चित्तौड़गढ़)। नगर में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। बेगूं से चैची जाने वाले मार्ग पर देवरा बावड़ी के पास खड़े टेंट-शामियाने के पाइपों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक सवार दो मजदूर जा भिड़े। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में लगे लोहे के पाइप बाइक चालक दीपक खटीक के सीने में करीब तीन से चार इंच तक धंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जूनी बेगूं निवासी दीपक खटीक और असलम पठान मजदूरी कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक सीधे टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।
स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए पाइप के आधे से अधिक हिस्से को काटकर गंभीर रूप से घायल दीपक खटीक को बाहर निकाला। हादसे में पीछे बैठे असलम पठान भी नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत बेगूं उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उच्च चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बेगूं डीएसपी अंजलि सिंह अस्पताल पहुंचीं और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही से खड़े वाहनों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
Tags
Breaking News