चित्तौड़गढ़ में 1 मई को वन्य जीव गणना, पहली बार महिलाओं व युवाओं की सक्रिय भागीदारी से होगा खास आयोजन
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले में इस बार वन्य जीव गणना 1 मई 2026 को पूर्णिमा के दिन आयोजित की जाएगी, जिसे लेकर वन विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उपवन संरक्षक (वन्य जीव) मृदला सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के बस्सी एवं सीता माता सेंचुरी सहित विभिन्न वन क्षेत्रों में वन्य जीवों की गणना की जाएगी। इस बार विभाग ने पारंपरिक प्रक्रिया के साथ-साथ कुछ नए नवाचार भी शामिल किए हैं, जिससे यह आयोजन और अधिक प्रभावी व जनसहभागिता वाला बनेगा।
वन्य जीव गणना में इस बार खास पहल करते हुए महिलाओं एवं युवतियों को भी सक्रिय रूप से शामिल किया जा रहा है। इसके साथ ही वन्य जीवों के प्रति रुचि रखने वाले स्कूली विद्यार्थियों (कक्षा 11-12) और कॉलेज स्टूडेंट्स को भी इस प्रक्रिया से जोड़ने का निर्णय लिया गया है। इच्छुक छात्र-छात्राएं वनरक्षकों और वनपालों के साथ जाकर नजदीक से देख सकेंगे कि जंगल में वन्य जीवों की गणना किस प्रकार की जाती है। इससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव मिलेगा और वन्य जीव संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
महिला सहभागिता को लेकर विभाग ने विशेष ध्यान दिया है। कई बार युवतियों में जंगल में जाने को लेकर सुरक्षा संबंधी संकोच रहता है, जिसे ध्यान में रखते हुए इस बार महिला वनकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। महिला स्टाफ की मौजूदगी से प्रतिभागियों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा और अधिक संख्या में महिलाएं इस अभियान से जुड़ सकेंगी।
वन विभाग का उद्देश्य इस बार की गणना को केवल एक औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी का उत्सव बनाना है। नवाचारों के जरिए जहां एक ओर सटीक आंकड़े जुटाने का प्रयास होगा, वहीं दूसरी ओर आम लोगों, खासकर युवाओं में वन्य जीवों के प्रति समझ और संवेदनशीलता विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। यह पहल भविष्य में संरक्षण कार्यों को और मजबूती देने में अहम भूमिका निभाएगी।
Tags
Breaking News