ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ में बड़ी कार्रवाई: नाकाबंदी के दौरान 500 ग्राम अवैध अफीम के साथ आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत नाकाबंदी के दौरान प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक मोटरसाइकिल सवार के कब्जे से 500 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के अंतर्गत एएसपी सरिता सिंह के मार्गदर्शन एवं डीएसपी निंबाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में थानाधिकारी संजय शर्मा के निर्देशन में टीम का गठन किया गया।
कार्रवाई के दौरान एसआई सुरेश पालीवाल मय जाप्ता थाने के सामने वंडर पुलिया के पास हाईवे रोड पर नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान नीमच की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकवाने का संकेत देने पर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल के साइड में लगे बैग से एक प्लास्टिक थैली में 500 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने अवैध अफीम जब्त कर अभियुक्त महेंद्र गुर्जर पुत्र हरिराम गुर्जर, उम्र 27 वर्ष, निवासी किशनपुरा थाना पुष्कर जिला अजमेर को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में एसआई सुरेश पालीवाल, एएसआई सुंदरपाल, हेड कांस्टेबल महावीर सिंह, कांस्टेबल जीवनलाल, ओपीलाल, शिवकुमार एवं धर्मचंद शामिल रहे।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचित करें।
Tags
Breaking News