बाथरूम में फिसली गर्भवती महिला, रास्ते में बुझ गई दो जिंदगियां—बांसवाड़ा में दर्दनाक हादसा
डीएस सेवन न्यूज बांसवाड़ा जिले के सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के टोड़ी कालू गांव में एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां बाथरूम में फिसलने से 9 माह की गर्भवती महिला और उसके अजन्मे शिशु की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय रेशमा, पत्नी राजू, घर के बाथरूम में गई थी। बाहर निकलते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह जोर से गिर पड़ी। गर्भावस्था के अंतिम चरण में होने के कारण वह सीधे पेट के बल गिरी, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और हालत तेजी से बिगड़ने लगी।
घटना के तुरंत बाद घबराए परिजन उसे सज्जनगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर बताते हुए उसे बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही महिला और उसके गर्भ में पल रहे शिशु ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही सज्जनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया गया। मामले की जांच सीआई धनपत सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतका का एक 4 वर्षीय पुत्र भी है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
Tags
Breaking News