उदयपुर तलाशी के दौरान भड़के कैदी: उदयपुर सेंट्रल जेल में प्रहरियों पर हमला, केस दर्ज


उदयपुर सेंट्रल जेल में बवाल: तलाशी के दौरान कैदियों ने प्रहरियों पर बोला हमला, कई घायल

डीएस सेवन न्यूज उदयपुर की सेंट्रल जेल में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब रूटीन तलाशी अभियान के दौरान कैदियों और जेल प्रहरियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद जेल प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले को लेकर जेल उपाधीक्षक मोहन मीणा की ओर से शुक्रवार को सूरजपोल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

थानाधिकारी रतन सिंह के अनुसार, जेल में सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रहरियों द्वारा एक-एक कैदी की सघन तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ कैदियों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई। कैदी साहिल अली, जितेन्द्र सिंह, संजय कुमार, विक्रम कुमार और रामहरि ने मिलकर जेल प्रहरियों पर हमला कर दिया।

इस हमले में मुख्य प्रहरी योगेश कुमार, जेल प्रहरी रोहिताश्व जाट, सांवरमल और शिवचरण सिंह को मामूली चोटें आई हैं। स्थिति बिगड़ती देख अन्य स्टाफ ने तुरंत हस्तक्षेप कर कैदियों को काबू में लिया और हालात को शांत कराया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जेल में मोबाइल फोन और नशे के सामान की लगातार मिल रही शिकायतों के चलते सख्ती से तलाशी अभियान चलाया जा रहा था, जिसके दौरान यह घटना सामने आई।

Post a Comment

Previous Post Next Post