उदयपुर में छात्रा से छेड़छाड़: 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद शालीन मीणा (निवासी गोवर्धन विलास) और ओमप्रकाश डांगी (निवासी लोयरा, बड़गांव) को हिरासत में लिया गया।

पुलिस दबिश के दौरान दोनों आरोपी भागने लगे और दूधतलाई स्थित माछला मगरा के जंगलों की ओर फरार होने की कोशिश की। इसी दौरान गिरने से शालीन मीणा का पैर टूट गया। पुलिस के अनुसार, शालीन मीणा गोवर्धनविलास थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ मारपीट और हत्या के प्रयास सहित कुल 11 मामले दर्ज हैं।

थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया कि पीड़िता, जो कोचिंग छात्रा है, ने शिकायत दर्ज करवाई थी। उसने बताया कि शुक्रवार शाम कोचिंग से लौटते समय दो युवकों ने उसका पीछा किया, उस पर अभद्र टिप्पणियां कीं और उसे रोककर हाथ पकड़ने की कोशिश की। छात्रा किसी तरह उनसे बचकर वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी के पास पहुंची। पुलिसकर्मी को देखकर आरोपी स्कूटी से फरार हो गए थे।

यह पूरी घटना शुक्रवार शाम की है, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया

Post a Comment

Previous Post Next Post