संत सरोवर तालाब में दर्दनाक हादसा: नहाने गया व्यक्ति डूबा, 2 दिन बाद मिला शव
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर जिले के खेरवाड़ा उपखंड के नयागांव स्थित पहाड़ा थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। संत सरोवर तालाब में डूबे एक व्यक्ति का शव दो दिन बाद बरामद किया गया। मृतक की पहचान अशोक कुमार लबाना (45) पुत्र रामलाल लबाना के रूप में हुई है, जो शनिवार सुबह करीब 10 बजे तालाब में नहाने गया था।
नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद एक महिला ने तुरंत पास के मंदिर के पुजारी को आवाज लगाकर मदद मांगी, लेकिन तब तक व्यक्ति पानी में समा चुका था। घटना की सूचना मिलते ही राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौर के निर्देश पर टीम ने लगातार दो दिनों तक तालाब में खोजबीन जारी रखी। आखिरकार रविवार सुबह करीब 9:30 बजे गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला और पहाड़ा थाना पुलिस को सौंप दिया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में गोताखोर रवि शर्मा, बने सिंह गुर्जर और चालक मुकेश सेन सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Tags
Breaking News