हाईटेंशन पोल पर चढ़ा युवक, घंटों चला ड्रामा… समझाइश के बाद टला बड़ा हादसा
डीएस सेवन न्यूज बांसवाड़ा जिले के आखलेश्वर गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक हाईटेंशन विद्युत पोल पर चढ़कर ऊपर बैठ गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी देर तक पोल पर बैठा रहा, जिससे किसी अनहोनी की आशंका बनी रही। परिजन और ग्रामीण लगातार उसे नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन वह तुरंत नहीं माना। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधि अरविंद डामोर मौके पर पहुंचे और समझाइश का प्रयास शुरू किया।
इस दौरान एहतियात के तौर पर विद्युत विभाग को सूचना देकर लाइन बंद करवाई गई, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। काफी देर तक समझाइश और बातचीत के बाद युवक आखिरकार सुरक्षित नीचे उतर आया।
बताया जा रहा है कि युवक की पहचान आखलेश्वर निवासी गौतम (पिता रकमा) के रूप में हुई है। हालांकि, वह हाईटेंशन पोल पर क्यों चढ़ा, इसकी स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है।
घटना के बाद गांव में पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा। गनीमत रही कि समय रहते सतर्कता बरती गई, वरना यह घटना बड़ा हादसा साबित हो सकती थी।
Tags
Breaking News