निम्बाहेड़ा में पुलिस का बड़ा एक्शन: इनामी बदमाश सहित 3 गिरफ्तार, अवैध कट्टा-कारतूस बरामद, कार जब्त
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 04 मई 2026। जिले के निम्बाहेड़ा क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-2 के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियारों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें ₹10 हजार का इनामी बदमाश भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, साथ ही एक कार भी जब्त की गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एएसपी सरिता सिंह और डीएसपी बद्री लाल के सुपरविजन में कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
रविवार को थानाधिकारी रामसुमेर के नेतृत्व में एएसआई सूरज कुमार और टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नीमच की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार में संदिग्ध लोग सवार हैं, जिनके पास अवैध हथियार हो सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जालिया चेक पोस्ट पर नाकाबंदी की।
कुछ ही देर में संदिग्ध स्विफ्ट कार पहुंची, जिसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और 3 कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
आशुतोष (37), निवासी उज्जैन
यशवेन्द्र (28), निवासी उज्जैन (₹10 हजार का इनामी)
निखिल मीणा (24), निवासी उज्जैन
पुलिस के अनुसार आरोपी यशवेन्द्र के खिलाफ पहले से 22 मामले दर्ज हैं और वह 4 मामलों में फरार चल रहा था। उस पर उज्जैन पुलिस द्वारा ₹10 हजार का इनाम घोषित था।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की जांच जारी है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
थानाधिकारी रामसुमेर, एएसआई सूरज कुमार, हेड कांस्टेबल हरविंदर सिंह, कांस्टेबल शिशपाल, विजय सिंह, हेमंत, रणजीत और जगदीश की टीम ने इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
Tags
Breaking News