निंबाहेड़ा सिगरेट के कार्टूनों की आड़ में ले जाया जा रहा था 68 किलो डोडाचूरा,1 आरोपी गिरफ्तार

सीगरेट के कार्टूनों में छिपाकर ले जाया जा रहा था डोडाचूरा, पुलिस ने 68 किलो से ज्यादा मादक पदार्थ किया जब्त

                   Ai जनरेट इमेज है 

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले की सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 68 किलो 500 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ अभियान के तहत की गई। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के मार्गदर्शन में थाना अधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम हाईवे स्थित वंडर पुलिया के पास नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान नीमच की ओर से हरियाणा नंबर की एक महिंद्रा पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया तो चालक ने पहले वाहन धीमा किया, फिर अचानक नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को रुकवाया और तलाशी ली। जांच के दौरान सिगरेट के कार्टूनों की आड़ में छिपाकर रखे गए तीन बोरों से 68 किलो 500 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने नियमानुसार मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार पुत्र गुरदास महाशय पंजाबी (40) निवासी खासा थाना पिहोवा जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा हुआ है और पूर्व में भी मध्यप्रदेश से हरियाणा व पंजाब तक नशे की खेप पहुंचा चुका है।

पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूरे सिंडिकेट की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेश पालिवाल, सहायक उपनिरीक्षक सुन्दरपाल, कांस्टेबल जीवनलाल, दयाराम, ओपीलाराम, शिवकुमार और चालक हवलदार महावीर सिंह की विशेष भूमिका रही।

जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाने, कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post