भावगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 27 किलो एसिटिक एनहाईड्रेड केमिकल जब्त, नाबालिग अभिरक्षा में, एक आरोपी फरार
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश भावगढ़ थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान अवैध मादक पदार्थ निर्माण में उपयोग होने वाले केमिकल की बड़ी खेप पकड़ी है। थाना प्रभारी भावगढ़, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र में एक विधि विरुद्ध बालक के कब्जे से 27 किलोग्राम एसिटिक एनहाईड्रेड जब्त किया और उसे अभिरक्षा में लिया।
जानकारी के अनुसार, रात के समय पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान निम्बोद-बेहपुर रोड स्थित चांदाखेड़ी फंटा पर एक टीवीएस मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति बीच में एक कैन रखकर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन फोर्स की मदद से घेराबंदी की गई। इस दौरान पीछे बैठा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि मोटरसाइकिल चला रहा विधि विरुद्ध बालक पकड़ में आ गया।
पूछताछ में बालक ने बताया कि यह एसिटिक एनहाईड्रेड केमिकल युवराज सिंह पिता भगवान सिंह राजपूत, निवासी रणायरा थाना कालूखेड़ा जिला रतलाम (मध्यप्रदेश) के लिए ले जाया जा रहा था, जिसका उपयोग अवैध मादक पदार्थ बनाने में किया जाना था। पुलिस ने बालक के कब्जे से 27 किलो केमिकल से भरा कैन और एक टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त की।
इस मामले में थाना भावगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 79/26 के तहत धारा 8/15, 9A, 25A एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपी और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की तलाश में जुटी हुई है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जप्त सामग्री में 27 किलोग्राम एसिटिक एनहाईड्रेड (कीमत लगभग 60,000 रुपये) और मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 50,000 रुपये) शामिल है। फरार आरोपी की पहचान युवराज सिंह पिता भगवान सिंह राजपूत के रूप में हुई है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना भावगढ़ पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही, जिसकी क्षेत्र में प्रशंसा की जा रही है।
Tags
Breaking News