राजस्थान में अवैध शराब पर बड़ा प्रहार: हजारों लीटर वॉश नष्ट, कई जिलों में भट्टियां ध्वस्त
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर,4 मई प्रदेशभर में अवैध मदिरा के खिलाफ चल रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए तस्करों पर बड़ा शिकंजा कसा है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार “जीरो टोलरेंस” नीति अपनाते हुए विभिन्न जिलों में नाकाबंदी, गश्त और दबिश के जरिए अवैध शराब निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के तहत उदयपुर, जयपुर, हनुमानगढ़, भरतपुर और श्रीगंगानगर सहित कई जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों लीटर वॉश (कच्चा माल) नष्ट किया गया और अवैध शराब बनाने की भट्टियों को ध्वस्त किया गया। साथ ही कई मामलों में अभियोग दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
उदयपुर जिले के गोगुन्दा क्षेत्र में आबकारी टीम ने दबिश देकर करीब 2000 लीटर वॉश नष्ट किया और 2 प्रकरण दर्ज किए। वहीं जयपुर ग्रामीण के चाकसू क्षेत्र में देवगांव, सांभरिया, अचलपुरा, सीतारामपुरा, नारान बाबा की ढाणी, बागड़िया और मूंडली सहित कई गांवों में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10,000 लीटर वॉश नष्ट किया गया, साथ ही शराब बनाने की भट्टियां तोड़ी गईं और 105 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। इस कार्रवाई में 3 अभियोग दर्ज किए गए।
हनुमानगढ़ जिले के नोहर, भादरा और संगरिया क्षेत्रों में 800 लीटर वॉश नष्ट करते हुए 4 प्रकरण दर्ज किए गए। भरतपुर के संवेदनशील क्षेत्रों सीकरी, कुरकैन, अलघानी, डमोडकी तथा बयाना के खार का नाला और पहाड़पुर की नट बस्ती में कार्रवाई कर 500 लीटर वॉश नष्ट किया गया। वहीं श्रीगंगानगर में भी अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए आबकारी एक्ट के तहत 2 प्रकरण दर्ज किए गए।
आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में यह विशेष अभियान लगातार जारी है। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, निरीक्षक और निरोधक दल मिलकर अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं।
Tags
Breaking News