झमाझम बारिश से चित्तौड़गढ़ तरबतर, भदेसर में सर्वाधिक 106 एमएम बारिश दर्ज
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले में शनिवार अल सुबह से ही झमाझम बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में रातभर लगातार बरसात होती रही, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। हालांकि बारिश के चलते जलभराव और सड़कों पर फिसलन जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं।
शनिवार सुबह 8 बजे तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। भदेसर क्षेत्र में सबसे ज्यादा 106 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। चित्तौड़गढ़ शहर में 49 एमएम, निंबाहेड़ा में 45, बस्सी में 24, गंगरार में 35, कपासन में 21, भूपाल सागर में 27, राशमी में 22, बेगूं में 21, रावतभाटा में 13 और डूंगला में 11 एमएम बारिश मापी गई है।
जिले के बांधों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है। गंभीरी बांध में 48 एमएम, बस्सी बांध में 27, औराई में 22, भूपाल सागर में 13, कपासन में 15, संदेसर में 12 और मातृकुंडिया बांध में 9 एमएम बारिश हुई है। वागन बांध क्षेत्र में हालांकि केवल 2 एमएम बारिश हुई है।
बारिश के बावजूद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री और न्यूनतम 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस था। बारिश से वातावरण में नमी और ठंडक जरूर बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार 23 जून तक जिले में रुक-रुक कर तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की अपील की है। कमजोर इलाकों, नालों और जलभराव वाले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
Tags
Breaking New