चित्तौड़गढ़ गहलोत का सीएम भजनलाल पर तंज अब हेलिकॉप्टर-हवाई जहाज आपके पास, शासन व्यवस्था पर भी दें ध्यान”

चित्तौड़गढ़
गहलोत का सीएम भजनलाल पर तंज – “अब हेलिकॉप्टर-हवाई जहाज आपके पास, शासन व्यवस्था पर भी दें ध्यान”
डीएस 7 न्यूज चित्तौड़गढ़
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मौजूदा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज हमारे पास ना तो हेलिकॉप्टर है और ना ही हवाई जहाज, सब अब मुख्यमंत्री के पास हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि “अब इसका सदुपयोग हो रहा है या दुरुपयोग, यह तो वही जानें... लेकिन उनके दौरों की रफ्तार देखकर लगता है कि हेलिकॉप्टर और हवाई जहाज हवा में ही रहते हैं।”

गहलोत ने कहा कि “मुख्यमंत्री जहां चाहें दौरा करें, लेकिन शासन व्यवस्था पर भी ध्यान दें। सिर्फ डेढ़ साल हुए हैं आपको मुख्यमंत्री बने, और हम चाहते हैं कि आप सफल रहें। लेकिन मीडिया, विपक्ष और जनता की बातों को सुनना भी उतना ही ज़रूरी है।”

चित्तौड़गढ़ में अल्प प्रवास

गहलोत ‘संविधान बचाओ अभियान’ के तहत प्रतापगढ़ जा रहे थे, जहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी सभा को संबोधित करने वाले थे। इस दौरान वे चित्तौड़गढ़ में कुछ समय के लिए रुके। शहर में उनका जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। रिठोला, होड़ा चौराहा, भादसोड़ा से लेकर मंगलवाड़ तक कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

पायलट से रिश्तों पर बोले – "मीडिया अब निराश होगा"

जब उनसे सचिन पायलट और उनके संबंधों को लेकर सवाल किया गया तो गहलोत ने हल्के अंदाज में कहा – “मुझे लगता है राज्य के कुछ मीडिया हाउस अब निराश हो जाएंगे, क्योंकि उनके पास अब इस विषय में कोई ताज़ा मसाला नहीं रहेगा।”

“फ्री दवा योजना अब सिर्फ कागज़ों में”

गहलोत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को या तो बंद कर दिया गया या सीमित कर दिया गया। उन्होंने कहा, “हमने टैक्स, ऑपरेशन और दवाएं फ्री की थीं, लेकिन अब भाजपा की योजना 25 लाख से घटकर 5 लाख तक सिमट गई है। 'फ्री दवा योजना' अब सिर्फ कागजों में रह गई है।”

बजरी माफिया, अपराध और कटौती पर सरकार को घेरा

गहलोत ने आरोप लगाया कि राज्य में अब खुलेआम बजरी माफिया हावी हो गए हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हमने खनन रोका था, लेकिन अब खुलेआम अवैध खनन हो रहा है। साथ ही बिजली-पानी की कटौती, बढ़ते अपराध और हत्या जैसी घटनाओं पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

जाड़ावत की हार पर भी उठाया सवाल

सभा में भारी भीड़ को देखकर गहलोत ने कहा, “इतनी बड़ी संख्या में लोग आते हैं, फिर भी जाड़ावत बार-बार हार क्यों जाते हैं – यह सोचने का विषय है।” मंच पर पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भैरूलाल चौधरी समेत पार्टी के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



📍 DS7NEWS NETWORK | चित्तौड़गढ़ से विशेष रिपोर्ट
✍️ रिपोर्टर: प्रियंका कुमावत  (Live)

Post a Comment

Previous Post Next Post