चित्तौड़गढ़ CMHO ऑफिस: अनुकंपा नियुक्ति के बदले मांगी 80 हजार की रिश्वत, दो अधिकारियों पर ACB ने दर्ज किया केस, ट्रैप कार्रवाई रही नाकाम

चित्तौड़गढ़ CMHO ऑफिस में रिश्वत का खेल: अनुकंपा नियुक्ति के बदले मांगी 80 हजार की घूस, ACB की ट्रैप कार्रवाई फेल, रिकॉर्डिंग के आधार पर केस दर्ज
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिले के सीएमएचओ कार्यालय में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला उजागर हुआ है। पिता की मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन करने वाले एक युवक से नौकरी दिलाने के बदले में 80 हजार रुपए रिश्वत मांगी गई। इस मामले में प्रशासनिक अधिकारी मांगीलाल खटीक और वरिष्ठ सहायक नईम वेग पर गंभीर आरोप लगे हैं।

पीड़ित युवक ने रिश्वत मांगने से परेशान होकर उदयपुर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) से शिकायत की। ACB ने ट्रैप की योजना बनाई, लेकिन कार्रवाई के दौरान आरोपियों को शक हो गया और प्लान फेल हो गया। इसके बावजूद रिकॉर्डिंग और दस्तावेजी सबूतों के आधार पर ACB जयपुर मुख्यालय में दोनों अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

कैसे शुरू हुआ मामला
कोटपुतली-बहरोड़ निवासी युवक के पिता सीएमएचओ चित्तौड़गढ़ कार्यालय में नर्सिंग ऑफिसर थे। 1 मार्च 2022 को सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी। बालिग होने और 12वीं पास करने के बाद युवक ने 2 सितंबर 2024 को अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया। फाइल 2 दिसंबर को जयपुर भेज दी गई।

रिश्वत की डिमांड और लेन-देन
इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी मांगीलाल खटीक ने व्हाट्सएप कॉल कर पहले 40 हजार में डील फाइनल की और 25 हजार रुपए एडवांस में किसी सोहनलाल नायक के खाते में डलवाए। बाद में वरिष्ठ सहायक नईम वेग ने फिर से एक लाख रुपए की डिमांड कर फाइल रिजेक्ट करने की धमकी दी। पिता के सस्पेंड टाइम के एरियर पास करने के लिए भी 18 हजार रुपए वसूल लिए।

ACB ट्रैप और फेल योजना
लगातार पैसों की मांग से परेशान होकर युवक ने उदयपुर ACB से संपर्क किया। रिकॉर्डिंग के साथ ट्रैप की प्लानिंग हुई। युवक को 20 हजार असली और 60 हजार नकली नोट दिए गए। लेकिन आरोपियों को शक हो गया और तलाशी के दौरान रिकॉर्डर मिलने से सारा प्लान फेल हो गया। आरोपियों ने पैसे लेने से इनकार कर दिया।

फिर भी दर्ज हुआ केस
रंगे हाथ पकड़ने की कोशिश नाकाम रहने के बावजूद रिकॉर्डिंग और पहले हुए ट्रांजैक्शन के आधार पर ACB ने 19 जून को मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल प्रकरण की जांच जारी है।

DS7NEWS NETWORK
चित्तौड़गढ़ से संवाददाता
प्रियंका कुमावत


Post a Comment

Previous Post Next Post