भादसोड़ा में बीएसएनएल की सेवाएं ठप: बैंकिंग, सरकारी दफ्तर और जनता बेहाल
DS7NEWS NETWORK | चित्तौड़गढ़
डीएस 7 न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले के भादसोड़ा कस्बे में बीएसएनएल नेटवर्क की विफलता ने आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले कई दिनों से न मोबाइल टावर काम कर रहा है, न टेलीफोन एक्सचेंज। नेटवर्क पूरी तरह से गायब है – न कॉल लगती है, न OTP आता है। इससे मोबाइल सेवाओं के साथ-साथ बैंकिंग, राशन वितरण और सरकारी कामकाज तक ठप हो गए हैं।
बैंकिंग से लेकर राशन तक सब कुछ बाधित
BSNL नेटवर्क न होने के चलते कस्बे के कई बैंकों में लेनदेन प्रभावित हो रहा है। ग्राहकों को OTP न मिलने से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन फेल हो रहे हैं। राशन डीलर से लेकर अन्य डिजिटल सेवाएं भी इस गड़बड़ी का शिकार हो रही हैं।
तहसील कार्यालय में 7 KM दूर भेजा OTP लाने
एक चौंकाने वाला मामला तहसील कार्यालय में सामने आया, जहां नायब तहसीलदार शिवशंकर पारीक ने रजिस्ट्री के लिए जरूरी OTP मंगवाने के लिए कर्मचारी को 7 किलोमीटर दूर मंडफिया भेजा। ऐसी घटनाएं अब आम हो गई हैं।
संपर्क टूटने से सरकारी कामकाज प्रभावित
अधिकारियों और विभागों के मोबाइल नंबर बीएसएनएल से जुड़े होने के कारण न तो आपसी संपर्क हो पा रहा है और न ही बाहरी। जनता इसे अधिकारियों की लापरवाही मान रही है, जबकि असल में अधिकारी भी असहाय हैं।
TDM बोले- ‘NTR रूट की समस्या’, अजमेर कार्यालय ने झाड़ा पल्ला
चित्तौड़गढ़ के TDM शिवराज मीणा ने बताया कि स्थानीय लाइन की समस्या ठीक कर दी गई है, लेकिन NTR (नेशनल टेलीकॉम रिजन) रूट में दिक्कत है, जिसे अजमेर दफ्तर देखेगा। वहीं अजमेर के सहायक महाप्रबंधक महेश चंद्र गुप्ता ने इसे जिला स्तर की समस्या कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।
बंद पड़ा BSNL ऑफिस, कर्मचारी लापता
भादसोड़ा का BSNL कार्यालय लगभग दो महीने से बंद पड़ा है। गेट पर ताला है, अंदर गंदगी और वीरानी पसरी हुई है। कभी कई कर्मचारी कार्यरत थे, अब एक नाममात्र कर्मी भी कई दिनों से नदारद है। फोन भी रिसीव नहीं होते, जिससे लोग अपनी शिकायत तक दर्ज नहीं करवा पा रहे।
डिजिटल इंडिया की खुली पोल
जब देश डिजिटल इंडिया और 5G की बात कर रहा है, तब भादसोड़ा जैसी जगहों पर बीएसएनएल की यह स्थिति सरकारी तंत्र की नाकामी उजागर कर रही है। निजी कंपनियां बेहतर सेवाएं दे रही हैं, जबकि बीएसएनएल बुनियादी कनेक्टिविटी देने में विफल है।
जनता की मांग – सिर्फ आश्वासन नहीं, समाधान चाहिए
स्थानीय नागरिकों ने इस गम्भीर समस्या का स्थायी समाधान जल्द से जल्द करने की मांग की है। "अगले हफ्ते ठीक हो जाएगा" जैसे बहाने अब जनता को गले नहीं उतरते। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े पैमाने पर विरोध हो सकता है।
📍DS7NEWS NETWORK | भादसोड़ा, चित्तौड़गढ़
✍️ Ground Report by DS7 टीम
Tags
Breaking New