डीएस सेवन न्यूज राजस्थान के छोटीसादड़ी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी पड़ोसी बुजुर्ग महिला की लाठी से प्रहार कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 11 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, अचलपुरा गांव की 65 वर्षीय लाली बाई अपने पड़ोसी कारूलाल मीणा के घर गई थीं। उस समय कारूलाल शराब के नशे में था और अपने परिवार के साथ विवाद कर रहा था। लाली बाई ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन गुस्से में आकर कारूलाल ने लाठी से उनके सिर पर जोरदार हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लाली बाई को तुरंत छोटीसादड़ी के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें निंबाहेड़ा रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही छोटीसादड़ी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई। सूचना मिली कि कारूलाल घटना के बाद चितौड़गढ़ की ओर भाग गया था। पुलिस ने वहां छापेमारी की, लेकिन वह वहां से अपनी ससुराल गादोला गांव भाग गया। वहां वह एक घर की छत पर छिपा हुआ था, जहां से पुलिस ने उसे धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपी कारूलाल मीणा को गिरफ्तार कर लिया और मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है, और लोग इस क्रूर वारदात से स्तब्ध हैं।
Tags
Breaking News