डूंगरपुर में 5 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म और हत्या का सनसनीखेज मामला
डीएस सेवन न्यूज राजस्थान के डूंगरपुर जिले के निठाऊ थाना क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। एक 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी कोई और नहीं, बल्कि बच्ची का दूर का रिश्तेदार, ताऊ है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और बताया कि उसने शराब के नशे में इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह दुखद घटना सोमवार को उस समय सामने आई जब बच्ची अपनी मां के साथ मांबाड़ी केंद्र से घर की ओर लौट रही थी। मां ने बच्ची को रास्ते में देखा और उसे घर जाने के लिए कहा। लेकिन जब मां घर पहुंची तो बच्ची वहां नहीं थी। परिजनों ने बच्ची की खोजबीन शुरू की, जिसके बाद उसका शव जंगल में एक नाले के पास पड़ा मिला। शव की हालत देखकर मां ने दुष्कर्म और हत्या की आशंका जताई, जिसके बाद निठाऊ थाने में शिकायत दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डूंगरपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अशोक कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। जांच को और मजबूत करने के लिए बांसवाड़ा से फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया, जिसने देर रात तक घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस ने तकनीकी जानकारी और मुखबिरों के सहयोग से छह घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शराब के नशे में बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, इस मामले में आपसी रंजिश और जमीन विवाद की बात भी सामने आई है, जिसके संबंध में गहन जांच की जा रही है। एसपी मनीष कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही मामले के सभी पहलुओं का खुलासा किया जाएगा
Tags
Breaking News