डूंगरपुर हादसा: राखी से पहले भाई की मौत, बहनों का रो-रोकर बुरा हाल
डीएस सेवन न्यूज डूंगरपुर। सदर थाना क्षेत्र में सागवाड़ा रोड पर तिजड़ के पास शुक्रवार रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई। मृतक की बहनों को राखी पर भाई का इंतजार था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
पुलिस के अनुसार, कहारी गांव का रहने वाला नीरज रात को किसी काम से डूंगरपुर की तरफ जा रहा था। तिजड़ के नजदीक उसकी बाइक की टक्कर एक अन्य बाइक से हो गई। हादसे में चार लोग घायल हुए, जिनमें नीरज की हालत गंभीर थी। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
नीरज के पिता का निधन पहले ही हो चुका था। परिवार में उसकी दो बहनें और एक भाई हैं। बड़ी बहन सोमी अपने ससुराल से राखी बांधने आने वाली थी, जबकि छोटी बहन अर्चिता घर पर तैयारी कर रही थी। भाई की मौत की खबर मिलते ही दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Tags
Breaking News