नाबालिग का अपहरण व दुष्कर्म मामले में ईनामी आरोपी कर्नाटक से गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़,नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के ईनामी आरोपी को बेगूं थाना पुलिस ने कर्नाटक से दबोच लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बेगूं थाने पर एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी पहलवान भील (निवासी गुना, मध्यप्रदेश) ने बालिका को सोशल मीडिया के जरिए फंसाकर अपहरण किया। घटना के बाद आरोपी अपने परिवार सहित घर से फरार हो गया था। काफी तलाश के बाद भी आरोपी नहीं मिलने पर उस पर 5 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया।
आरोपी और पीड़िता की तलाश के लिए एएसपी रावतभाटा भगवतसिंह हिगड़ के निर्देशन, डीएसपी बेगूं अंजलि सिंह के सुपरविजन और थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर टीम ने चित्तौड़गढ़ से करीब 1800 किलोमीटर दूर कर्नाटक के चिकामगालूर जिले के कलश थाना क्षेत्र में दबिश दी। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, भारी बारिश और भूस्खलन के बीच टीम ने चाय बागानों में बने झोपड़े से आरोपी पहलवानसिंह भील (20) को पकड़ा और पीड़िता को सुरक्षित बरामद किया।
आरोपी पर पॉक्सो एक्ट, बलात्कार और अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश कर परिजनों को सुपुर्द किया गया।
Tags
Breaking News