डीएस सेवन न्यूज उदयपुर के आलोक स्कूल में 13 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार जिम ट्रेनर प्रदीप सिंह झाला को आखिरकार अंबामाता थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी मुकेश सोनी की अगुवाई में पुलिस ने रात-दिन की मेहनत और तकनीकी जांच के बाद आरोपी को धर दबोचा। यह घटना 25 अगस्त 2025 को हुई थी, जब भारी बारिश के कारण स्कूल में छुट्टी थी, लेकिन पीड़िता को इसकी जानकारी नहीं थी।
पुलिस के अनुसार, छुट्टी के दिन स्कूल में कोई और मौजूद नहीं था। आरोपी प्रदीप सिंह झाला ने अकेली छात्रा को जिम रूम में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। डरी-सहमी छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत अंबामाता थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पोक्सो एक्ट और भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
घटना के बाद से आरोपी अपने परिवार सहित फरार था। पुलिस ने उसके रिश्तेदारों, परिचितों और मुखबिरों से पूछताछ के साथ-साथ तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर तलाश तेज की और अंततः उसे गिरफ्तार कर लिया। इस जघन्य अपराध ने शहर में आक्रोश फैला दिया था। विभिन्न संगठनों ने स्कूल और कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन कर आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की थी।
उदयपुर की जनता अब एक ही आवाज उठा रही है कि प्रदीप सिंह झाला को ऐसी सजा दी जाए जो अपराधियों के लिए नजीर बने। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।
Tags
Breaking News