चित्तौड़गढ़ सिक्सलेन पर संदिग्ध कार में लगी आग, जले हुए 500-500 के नोटों से बढ़ा रहस्य
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़। भीलवाड़ा–उदयपुर सिक्सलेन पर शनिवार शाम एक टैक्सी परमिट कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के बाद जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो अंदर से 500-500 के जले हुए नोटों की गड्डियां मिलीं। नकदी का कोई मालिक सामने नहीं आने से मामला रहस्यमयी बन गया है।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। जांच में पता चला कि कार भीलवाड़ा से उदयपुर की दिशा में जा रही थी। पुलिस ने मौके से जली हुई नकदी बरामद की और कार को थाने में जब्त कर लिया।
सदर थानाधिकारी निरंजन प्रताप सिंह ने बताया कि नोटों की स्थिति ऐसी थी कि उन्हें गिना नहीं जा सका। इसलिए पुलिस ने नोटों का वजन करवाया, जो करीब 2 किलो निकला। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कार में कुल कितनी राशि थी।
अब तक कार का चालक और मालिक दोनों ही लापता हैं, जिससे शक की स्थिति और गहराती जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह रकम हवाला कारोबार या किसी अवैध लेनदेन से जुड़ी हो सकती है। फिलहाल पुलिस कार नंबर के आधार पर जांच कर रही है और हर पहलू पर बारीकी से पड़ताल जारी है।
DS7NEWS NETWORK CHITTORGARH
Tags
Breaking News