जलसागर बांध में सनसनी: 65 वर्षीय बुजुर्ग का पत्थर से बंधा शव बरामद, पुलिस गहराई से जांच में जुटी
डीएस सेवन न्यूज़ बेगूं। जलसागर बांध में डूबे 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव तीसरे दिन शनिवार दोपहर एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम ने बरामद कर लिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शव पत्थर से बंधा हुआ मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार बेगूं उपखंड क्षेत्र की डोराई ग्राम पंचायत के जलसागर गांव निवासी मोहनलाल पुत्र ऊंकार मीणा (65) गुरुवार को शौच के लिए गया था। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। शाम को जलसागर तालाब किनारे उसकी चप्पल और बीड़ी का बंडल मिलने पर पैर फिसलने की आशंका जताई गई। सूचना पर बेगूं पुलिस, सिविल डिफेंस और चित्तौड़गढ़ से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया।
लगातार प्रयासों के बाद शनिवार दोपहर मोहनलाल का शव बरामद किया गया। उसके गले में पत्थर बंधा हुआ था, जिससे वह गहरे पानी में चला गया था।
पत्थर से बंधा शव मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। ग्रामीणों में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। बेगूं पुलिस अब हर एंगल से मामले की जांच में जुट गई है।
Tags
Breaking News