महिला बनकर वीडियो कॉल कर वायरल करने की धमकी दे साइबर ठगी करने वाला गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़, 10 नवम्बर। लोगो को वाट्सएप्प पर महिला बनकर वीडियो कॉल करके वीडियो कॉल को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य को साइबर थाना पुलिस ने अलवर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि चित्तौड़गढ़ निवासी पीड़ित ने साइबर थाने पर दी रिपोर्ट में बताया कि 6 नवम्बर की रात 11.35 बजे उसके पास एक व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया जिसमें एक महिला उससे बात करने लगी। कुछ समय पश्चात पुनः कॉल कर धमकाने लगी कि वह उनकी बातें एवं वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर देगी। पीड़ित ने तुरंत कॉल व मैसेज डिलीट कर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद पीड़ित को अन्य नम्बरों से कॉल आया, जिसमें पुलिस की डीपी लगी हुई थी। बाद में यूट्यूब पर वीडियो अपलोड नहीं करने के एवज में प्रार्थी से रुपये ट्रांसफर करवा कर साइबर ठगी की गई।
प्रार्थी को अपने साथ साइबर ठगी का अंदेशा होने पर ऑनलाईन 1930 पर एवं साइबर थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
साइबर अपराधों की रोकथाम के निर्देशों के तहत एएसपी सरिता सिंह, डीएसपी गिरिराज गर्ग के सुपरविजन में साइबर थाना पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। हैड कानि. देउ, कानि. रामनिवास, अजीत गढवाल, संदीप व मुकेश द्वारा खाताधारक 26 वर्षीय महेन्द्र कुमार बैरवा पुत्र रामकिशोर बैरवा निवासी न्यू कॉलोनी कैमाला दैसुला थाना वैशालीनगर अलवर को डिटेन कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी महेन्द्र कुमार बैरवा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है, जिससे अन्य संलिप्त गिरोह व वारदातों के बारे में पता लगाया जाएगा।
तरीका वारदात :
लोगों को महिला बनकर व्हाट्सएप वीडियो कॉल करके उनकी वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी दी जाती है और उक्त वीडियो को डिलीट करवाने के नाम पर लोगों से रुपये ऐंठकर साइबर ठगी की जाती है।
Tags
Breaking News