चित्तौड़गढ़ उदयपुर-चित्तौड़गढ़ सिक्सलेन पर चलती इक्को वैन में भीषण आग, चालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़। भादसोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार रात उदयपुर-चित्तौड़गढ़ सिक्सलेन पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां नपानिया गांव के पास सर्विस रोड पर चलती इक्को वैन अचानक आग की लपटों में घिर गई। आग इतनी तेज थी कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया और वह सीट पर ही जिंदा जल गया। घटना के कुछ ही देर में इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन कार में लगी भीषण आग पर काबू पाना उनके लिए संभव नहीं था।
सूचना पर भादसोड़ा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तुरंत कंट्रोल रूम को जानकारी देकर दमकल बुलवाई। चित्तौड़गढ़ शहर की दूरी अधिक होने के कारण श्री सांवलिया मंदिर मंडल की दमकल गाड़ी सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि रात लगभग आठ बजे उन्हें कार में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो इक्को वैन पूरी तरह से आग की चपेट में थी और चालक सीट पर ही मृत अवस्था में मिला। वैन उदयपुर पासिंग की थी, जिसके नंबर के आधार पर पहचान की कोशिश की गई। जांच में सामने आया कि यह वैन सिंहपुर निवासी शोभालाल आचार्य चला रहा था। आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय भी शोभालाल ही वैन में मौजूद था।
पुलिस ने तुरंत सिंहपुर कस्बे में परिजनों से संपर्क कर सूचना दी है। परिजनों के पहुंचने पर शव की शिनाख्त की जाएगी। फिलहाल शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी भिजवा दिया गया है और जली हुई वैन को जब्त कर भादसोड़ा थाने में रखवाया गया है।
स्थानीय निवासी दिनेश खंडेलवाल ने बताया कि सर्विस रोड पर अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं। ग्रामीणों ने दौड़कर मदद करने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि चालक तक पहुंचना संभव नहीं था।
हादसे के कारणों का पुलिस द्वारा गहराई से जांच की जा रही है कि आखिर वैन में आग कैसे लगी—तकनीकी खराबी थी या कोई अन्य कारण। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
Tags
Breaking News