उदयपुर पोक्सो केस का फरार ‘Shiva Don’ गिरफ्तार इंस्टाग्राम पर बदमाशी का प्रचार करता था

पोक्सो व चोरी के प्रकरण में फरार शातिर बदमाश गिरफ्तार — इंस्टाग्राम पर ‘Shiva Don of Sector 14’ बनकर करता था बदमाशी का प्रचार
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर, 14 नवम्बर गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में पोक्सो एक्ट व चोरी के गंभीर मामले में फरार चल रहे 19 वर्षीय शातिर बदमाश शिव शर्मा उर्फ शिवा को पुलिस ने जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया। फरारी के दौरान आरोपी ने इंस्टाग्राम पर ‘Shiva Don of Sector 14’ नाम से आईडी बनाकर खुद को बड़ा बदमाश बताते हुए सिगरेट-शराब और बदमाशी वाले गानों के साथ रीलें अपलोड कर रहा था।

जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गोपालस्वरूप मेवाड़ा के सुपरविजन में, वृत्ताधिकारी गिर्वा गोपाल चंदेल के निर्देशन तथा थानाधिकारी गोवर्धनविलास पु.नि. दिलीप सिंह झाला के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

भागने के प्रयास में नाले में गिरकर घायल
पुलिस टीम आरोपी को जोधपुर से उदयपुर लेकर आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में लघुशंका का बहाना बनाकर शिवा वाहन से उतर भागने लगा, किन्तु अंधेरा होने के कारण पास के नाले में गिरकर चोटिल हो गया। पुलिस ने उसे पुनः काबू में लेते हुए इलाज करवाया तथा बाद में न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया। 14 नवम्बर को आरोपी से पैदल परेड करवा कर मौका-तस्दीक करवाई गई।

घटना विवरण
सेक्टर 14 निवासी एक पीड़िता ने 16 अक्टूबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोहल्ले में रहने वाला शिवा आए दिन गुंडागर्दी करता है और महिलाओं से छेड़छाड़ करता है। 13 मई 2025 को वह स्कूली छात्रा का पीछा करते हुए उसका हाथ पकड़कर 50 हजार रुपये की मांग करने लगा तथा जबरन शादी का दबाव बनाया। विरोध पर पीड़िता व उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी।

दो दिन बाद आरोपी ने पुनः छात्रा का पीछा कर रास्ता रोका और छेड़छाड़ की। छात्रा घर में घुसी तो शिवा भी पीछे-पीछे घर में घुस गया और डराकर अलमारी की चाबी लेकर सोने के जेवरात चुरा ले गया।

इस पर प्रकरण संख्या 333/2025 धारा 308(4), 78 बीएनएस तथा पोक्सो एक्ट की धारा 7/8 में मामला दर्ज किया गया।

फरारी के दौरान हुलिया बदल रखा था
टेक्निकल सर्विलांस से पता चला कि आरोपी जोधपुर के झालामंड क्षेत्र में एक कार गैराज में काम कर रहा है। पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर मौके पर दबिश दी। शिवा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हुलिया बदल रखा था, लेकिन पुलिस को देखकर सकपका गया और हिरासत में ले लिया गया।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
शिवा शर्मा के विरुद्ध पूर्व में आर्म्स एक्ट के तहत भी एक प्रकरण दर्ज है।
उम्र—19 वर्ष, निवासी—आई-ब्लॉक, सेक्टर 14, थाना गोवर्धनविलास, उदयपुर।

पुलिस टीम
उ.नि. अर्जुन लाल, स.च.नि. धर्मवीर सिंह (विशेष भूमिका), स.उ.नि. मनोहर सिंह (विशेष भूमिका), हैडकांस्टेबल भगवती लाल, कानि. दिनेश सिंह (विशेष भूमिका), कानि. सुरेन्द्र सिंह, कानि. अंकित सिंह, कानि. जितेन्द्र सिंह, कानि. जसवंत सिंह।


Post a Comment

Previous Post Next Post