तेज रफ्तार कार ने बच्चे सहित 5 को कुचला, 2 महिलाओं की दर्दनाक मौत
डीएस सेवन न्यूज़ जालोर। शहर के सामतीपुरा रोड पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें मनरेगा में काम कर रही पांच महिला श्रमिक और एक बच्चा तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। हादसा अचानक हुआ और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठी महिलाओं पर चढ़ गई। इस दर्दनाक घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद पाली रेफर किया गया है। वहीं अन्य दो महिलाओं का जालोर के सामान्य चिकित्सालय में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद की ओर से चल रहे मनरेगा कार्य के तहत महिलाएं सड़क किनारे बैठे हुए कार्य कर रही थीं। इसी दौरान सामतीपुरा की दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक बेकाबू हो गई और काम कर रही महिलाओं को जोरदार टक्कर मारते हुए आगे बढ़कर एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही जालोर डीएसपी गौतम जैन और कोतवाल रामेश्वर लाल मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे और तहसीलदार रणवीर सिंह अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों की स्थिति जानी और आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और बेकाबू कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। यह हादसा शहर में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की आवश्यकता को फिर से सामने लेकर आया है।
Tags
Breaking News