बीएलओ बनकर दबोचा गया 4 साल से फरार ₹25,000 का इनामी तस्कर, वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के बहाने आया था जाल में
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एनटीएफ और एटीएस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डडा पोस्ट तस्करी के मुख्य आरोपी कैलाश खाती पटेल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बचता हुआ घूम रहा था और उसके सिर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस तस्कर को पकड़ने के लिए टीम ने अनोखी रणनीति अपनाई, जिसमें उन्होंने खुद को बीएलओ बताकर उसके परिवार से संपर्क साधा।
टीम ने परिवार को यह विश्वास दिलाया कि वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए कैलाश को उपस्थित होना होगा। इस बहाने आरोपी को उसके घर के पास बुलवाया गया। जैसे ही वह चाय की थड़ी पर बैठा, पहले से घात लगाकर बैठी टीम ने उसे दबोच लिया। कार्रवाई इतनी तेजी और गोपनीय तरीके से की गई कि आसपास बैठे लोगों को भी समझ नहीं आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कैलाश खाती पटेल राजस्थान और मध्य प्रदेश में नशे की सप्लाई का बड़ा बिचौलिया था। वह 2019 से फरार चल रहा था और पुलिस की नजरों से बचने के लिए हर खेप को छोटे थैलों में भेजता था, जिससे ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था। यही वजह थी कि कई बार कार्रवाई होने के बावजूद वह हाथ नहीं आया। एक डील में 40 से 500 तक की सप्लाई के साथ वह महीने में 2 से 3 लाख रुपए तक की कमाई कर लेता था।
कैलाश खाती पटेल कई जिलों में वांटेड था और उसकी गिरफ्तारी लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई थी। गुरुवार को हुई इस संयुक्त कार्रवाई से एजेंसियों को एक बड़ी सफलता मिली है, जबकि क्षेत्र में भी इस गिरफ्तारी की चर्चा बनी हुई है।
Tags
Breaking News