“डूंगला-बोहेड़ा मार्ग पर अनियंत्रित कार पलटी—तीन घायल, ग्रामीणों की तत्परता से बची जान”
डीएस सेवन न्यूज़ डूंगला उपखंड क्षेत्र में बुधवार अल सुबह एक सड़क हादसा सामने आया, जब डूंगला से बोहेड़ा मार्ग पर तेज रफ्तार में जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसा इतना तेज था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना होते ही मौके पर मौजूद लोगों ने शोर सुना और तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही ही मिनटों में तलावदा गाँव के सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों ने बिना देर किए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए समुदाय स्वास्थ्य केंद्र बोहेड़ा पहुंचाया। ग्रामीणों की तत्परता और सहयोग से घायलों की जान बच पाने की संभावना मजबूत बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, तीनों घायलों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी स्थान पर कुछ दिन पहले दिशा सूचक बोर्ड नहीं होने के कारण एक एम्बुलेंस भी पलट गई थी, जिसमें एक महिला मरीज की दर्दनाक मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तत्काल दिशा सूचक बोर्ड लगाने और सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
यह हादसा एक बार फिर से चेतावनी देता है कि मार्ग सुरक्षा व्यवस्था में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।
Tags
Breaking News