चित्तौड़गढ़ जिले में बड़ा रेल हादसा टला, रेलवे ट्रैक पर रखी लोहे की प्लेट बनी खतरे की वजह
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़ जिले में रविवार शाम एक गंभीर रेल हादसा होते-होते टल गया। चित्तौड़गढ़–उदयपुर रेललाइन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती ट्रेन रेलवे ट्रैक पर रखी लोहे की प्लेट से टकरा गई। गनीमत यह रही कि ट्रेन पटरी से नीचे नहीं उतरी और बड़ा नुकसान होने से बच गया। हालांकि इस घटना में इंजन को नुकसान पहुंचा और ट्रेन को कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी
जानकारी के अनुसार उदयपुर से मंदसौर की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन रविवार शाम लगभग 4.20 बजे चित्तौड़गढ़ की दिशा में आ रही थी। ट्रेन जैसे ही घोसुंडा रेलवे स्टेशन से पहले बैजनाथियां गांव के समीप पहुंची, तभी रेलवे ट्रैक पर रखी लोहे की प्लेट से टकरा गई। टकराव के कारण तेज झटका महसूस हुआ और वह प्लेट उछलकर सीधे इंजन के हिस्से में जा फंसी। इससे इंजन का प्रेशर पाइप क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ट्रेन चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए। ट्रेन को रोककर इंजन की जांच की गई तो प्रेशर पाइप में लोहे की प्लेट फंसी हुई मिली। इस घटना की सूचना तुरंत रेलवे के कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
रेलवे अधिकारियों द्वारा आवश्यक तकनीकी जांच के बाद कुछ देर तक ट्रेन को मौके पर ही रोका गया। प्राथमिक मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस दौरान यात्रियों में दहशत का माहौल रहा, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।
घटना की जानकारी मिलने पर चंदेरिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। रेलवे की रिपोर्ट के आधार पर सोमवार को चंदेरिया थाने में मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर रेलपथ कपासन की ओर से दी गई रिपोर्ट के अनुसार अज्ञात व्यक्ति द्वारा रेलवे ट्रैक पर लोहे की प्लेट रखे जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
चंदेरिया थाने के एएसआई देवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि जिस स्थान पर घटना हुई, वहां हाल ही में रेलवे ट्रैक बदलने का कार्य किया गया था। पुराने ट्रैक की सामग्री, जिसमें जोगल प्लेट भी शामिल थी, पास में ही रखी हुई थी। आशंका है कि किसी की लापरवाही या भूलवश वह प्लेट रेलवे ट्रैक पर रख दी गई, जो इस हादसे की वजह बनी।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह घटना महज लापरवाही का नतीजा थी या इसके पीछे कोई शरारती तत्व शामिल था। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों ने यह भी बताया कि इसी ट्रैक से रविवार दोपहर करीब 2 बजे मदार–उदयपुर एक्सप्रेस ट्रेन सुरक्षित रूप से गुजर चुकी थी। ऐसे में यह माना जा रहा है कि दोपहर 2 बजे से शाम 4.20 बजे के बीच किसी समय लोहे की प्लेट ट्रैक पर रखी गई होगी। इस समयावधि में कोई अन्य ट्रेन नहीं गुजरी थी।
यह घटना रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। हालांकि समय पर चालक की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस और रेलवे प्रशासन दोनों ही इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटे हुए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Tags
Breaking News