बेकरिया पुलिस की सख्त कार्रवाई, नशे के खिलाफ अभियान को मिली बड़ी कामयाबी
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बेकरिया थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 5 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर श्री योगेश गोयल के निर्देशों में संचालित अभियान के अंतर्गत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री गोपाल स्वरूप मेवाड़ा तथा वृत्ताधिकारी कोटड़ा श्री डूंगर सिंह के मार्गदर्शन में थानाधिकारी बेकरिया श्री उत्तम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान इस सफलता को अंजाम दिया।
पुलिस द्वारा की गई नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल RJ 30 SN 7683 को रोककर तलाशी ली गई। मोटरसाइकिल पर सवार दोनों व्यक्तियों के पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे की जांच करने पर उसमें 5.400 किलोग्राम अवैध गांजा पाया गया। मौके पर ही गांजे को जब्त कर लिया गया और दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया गया। इसके साथ ही गांजे के परिवहन में उपयोग की जा रही मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ईश्वर सिंह पुत्र भैरू सिंह एवं ईश्वर सिंह पुत्र भुर सिंह, दोनों निवासी प्रेमपुरा, थाना कुंवारिया, जिला राजसमंद के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बेकरिया में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा प्रकरण की अग्रिम जांच जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी श्री उत्तम सिंह के साथ हैड कांस्टेबल कालूलाल, कांस्टेबल जोधाराम, हेमंत कुमार, ईश्वर तथा सीताराम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर एक मजबूत प्रहार माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में तस्करों के हौसले कमजोर होने की उम्मीद है।
Tags
Breaking News