भीलवाड़ा जिले में खाद संकट से जूझते किसान, रात भर समिति के बाहर डटे
डीएस सेवन न्यूज़ भीलवाड़ा जिले के गुरला क्षेत्र के गाडरमाला गांव में किसानों की गंभीर परेशानी सामने आई है। रबी फसलों के लिए जरूरी यूरिया खाद प्राप्त करने के लिए किसान सहकारी समिति के बाहर पूरी रात डटे रहे। कड़ाके की ठंड के बावजूद किसानों ने चारपाई बिछाकर खुले आसमान के नीचे रात गुजारी, ताकि सुबह लाइन में आगे रह सकें और उन्हें खाद मिल सके।
ग्रामीण किसानों ने बताया कि एक दिन पहले ही खाद से भरी गाड़ी समिति परिसर में पहुंची थी और अगले दिन वितरण होना था। इसी कारण किसान देर रात से ही अपनी बारी सुरक्षित करने के लिए समिति के बाहर बैठ गए। ठंड का असर इतना ज्यादा था कि ठिठुरन के बीच रात काटना बेहद मुश्किल हो गया, लेकिन मजबूरी ने उन्हें वहीं रुकने पर मजबूर कर दिया।
किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं और अन्य रबी फसलों के लिए यूरिया खाद बेहद आवश्यक है। समय पर खाद नहीं मिलने से फसलों की बढ़वार प्रभावित हो सकती है, जिससे आगे चलकर उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है। पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को इस तरह रात भर इंतजार करना पड़ रहा है। यह स्थिति ग्रामीण कृषि व्यवस्था की चुनौतियों को उजागर करती है, जहां जरूरत के समय संसाधन मिलना अब भी कठिन बना हुआ है।
Tags
Breaking News