उदयपुर के मल्लातलाई में तेज रफ्तार कार का कहर, ठेले पर बैठे दो लोगों की मौत, दो गंभीर घायल
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर शहर के मल्लातलाई क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। मुख्य सड़क पर तेज गति से दौड़ रही एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे लगे चाय के ठेले को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ठेला पूरी तरह बिखर गया और वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में मौके पर मौजूद दो व्यक्तियों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार बहुत अधिक थी। ठेले को टक्कर मारने के बाद वाहन पास स्थित गार्डन की रेलिंग में जा घुसा। कार में लगे एयरबैग खुलने से उसमें सवार लोग सुरक्षित बच निकले, लेकिन हादसे के तुरंत बाद वे मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 76 वर्षीय अब्दुल मजीद और 35 वर्षीय इमरान के रूप में हुई है, जो उस समय चाय पी रहे थे। वहीं ठेला संचालक जीवन चारण और अर्जुन चारण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस के पहुंचने में देरी हुई, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और फरार कार चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए समझाइश का प्रयास किया।
मृतकों के शवों को एमबी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहां परिजन और समाजजन एकत्रित हैं तथा प्रशासन से सहायता की मांग कर रहे हैं। इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
Tags
Breaking News