चित्तौड़गढ़ मंगलवाड़ मोटर साईकिल पर 1 किलो 375 ग्राम अवैध गांजा के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़ जिले मे मंगलवाड़ में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल पर गांजा ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना मंगलवाड़ की टीम ने 01 किलो 375 ग्राम अवैध गांजा और एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ मनीष त्रिपाठी के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के मार्गदर्शन एवं डीएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। मंगलवाड़ थाने के प्रभारी आरपीएस प्रोबेशनर मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की थी।

नाकाबंदी के दौरान उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे पर एचपी पेट्रोल पंप के सामने पुलिस जाप्ता मौजूद था। इसी दौरान उदयपुर की ओर से आ रही एक बिना नंबर की स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस की वर्दी देखकर घबरा गए और नाकाबंदी स्थल से मुड़कर वापस भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस को संदेह होने पर तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।


पुलिस द्वारा आरोपियों के पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई, जिसमें 01 किलो 375 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद मौके पर ही गांजा और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवराज पुत्र रतनलाल माली निवासी रामनगर नाडोलिया माली मोहल्ला बूंदी रोड, थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ एवं मनोज लौहार पुत्र कन्हैयालाल लौहार निवासी जुना बाजार, थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है।


पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मंगलवाड़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post