चित्तौड़गढ़ में हफ्ता वसूली पर पुलिस का सख्त प्रहार,4 आरोपी गिरफ्तार, पार्क के पास निकाला जुलूस

चित्तौड़गढ़ शहर में हफ्ता वसूली का मामला, पुलिस की सख्त कार्रवाई
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़ शहर में हफ्ता वसूली और मारपीट के एक मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई राजीव गांधी पार्क के पास हुई उस घटना से जुड़ी है, जहां हाथ ठेला लगाने वाले से रंगदारी वसूलने के लिए तोड़फोड़ और मारपीट की गई थी। पुलिस ने आरोपियों को उसी चौराहे पर पैदल जुलूस के रूप में घुमाया, जहां घटना को अंजाम दिया गया था, ताकि आमजन में अपराधियों का भय समाप्त हो सके।


पुलिस उप अधीक्षक चित्तौड़गढ़ बृजेश सिंह ने बताया कि दो दिन पूर्व हाथ ठेला संचालक शंकरलाल डांगी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि राजीव गांधी पार्क के पास ठेला लगाने के दौरान मोहन, धनराज, उदयराम गुर्जर सहित नेनू, राहुल जायसवाल और 7-8 अन्य लोग लगातार धमकियां दे रहे थे। आरोपी हाथ ठेला संचालक से 200-200 रुपए की मांग करते थे और जान से मारने की धमकी देकर कई बार वसूली भी कर चुके थे।


मंगलवार रात को आरोपियों ने चेतक पानी-पुड़ी के ठेले पर हमला कर दिया। आरोपियों ने ठेले में जमकर तोड़फोड़ की और सड़क पर रखा सामान बिखेर दिया। इस घटना से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और शिकायत के आधार पर आरोपियों को नामजद किया। जांच के दौरान पुलिस ने उदयलाल गुर्जर को घटना के कुछ ही समय बाद पकड़ लिया था। इसके बाद लगातार दबिश देकर घनश्याम गिरी, ईश्वर और दिनेश भील को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है और मोहन गुर्जर सहित फरार आरोपियों को जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।


अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश देने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला। पूछताछ के बाद आरोपियों को सेंती पुलिस चौकी लाया गया और वहां से राजीव गांधी पार्क तक पैदल ले जाया गया। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने इस कार्रवाई के फोटो और वीडियो भी बनाए। पूरे जुलूस के दौरान पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह, सदर थानाधिकारी निरंजन प्रताप सिंह सहित भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।


जिस स्थान पर आरोपियों ने हाथ ठेले में तोड़फोड़ की थी, पुलिस उन्हें वहीं तक लेकर गई। जुलूस के दौरान आरोपी हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगते नजर आए और गलती हो जाने की बात कहते रहे। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों में कानून का डर पैदा करना और आम जनता को सुरक्षित माहौल का भरोसा दिलाना है। पुलिस पूरे मामले में आगे की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post